• September 15, 2026
  • Last Update August 31, 2026 1:57 am
  • Bareilly
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी बेटा

बेटा ही निकला पिता का हत्यारा, पहले तीन लोगों पर दर्ज कराया था झूठा मुकदमा

बरेली। थाना भुता क्षेत्र में वर्ष 2025 में हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब एक वर्ष बाद बड़ा खुलासा करते हुए मृतक के बेटे को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने पिता की हत्या करने के बाद पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से तीन अन्य लोगों के खिलाफ झूठी तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करा दिया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून 2025 को ग्राम सहजनपुर हेतराम निवासी धीरज मिश्रा ने अपने पिता कृष्ण कुमार मिश्रा उर्फ छल्लू महाराज की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए थाना भुता में तहरीर दी थी। इस आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 250/25 धारा 103/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें:- चढ़ावा चोरी की तहरीर देकर चर्चाओं में आए कृष्ण मोहन को मिली राम मंदिर की जिम्मेदारी

पूछताछ के दौरान बदली कहानी

मामले की गहन विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल, चश्मदीद गवाहों के बयान और अन्य तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों का परीक्षण किया। जांच में जिन तीन लोगों को नामजद किया गया था, उनके खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिला और उनकी संलिप्तता असत्य पाई गई।

इसके विपरीत, विवेचना में वादी धीरज मिश्रा स्वयं हत्या का आरोपी बनकर सामने आया। साथ ही सामूहिक अपराध के साक्ष्य न मिलने पर मुकदमे से धारा 3(5) हटाते हुए धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

घर से किया गिरफ्तार

पुलिस ने 6 जुलाई 2026 को प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार के नेतृत्व में आरोपी धीरज मिश्रा को उसके घर, ग्राम सहजनपुर हेतराम, थाना भुता से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता लंबे समय से शराब, स्मैक और नशीले इंजेक्शन के आदी थे। नशे की लत के कारण उन्होंने परिवार की अधिकांश संपत्ति बेच दी थी और अक्सर घर व गांव में विवाद करते थे।

आरोपी ने बताया कि 24/25 मई 2025 की रात उसके पिता नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे। इसी दौरान उसे गुस्सा आ गया और उसने घर में पड़े एक मोटे डंडे को पिता के गले पर रखकर दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद खुद को बचाने के लिए उसने अपने पिता के साथ नशा करने वाले तीन लोगों के खिलाफ झूठा हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने किए पर पश्चाताप भी जताया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *