महाप्रबंधक ने इज्जतनगर लोको शेड एवं मंडल चिकित्सालय का किया निरीक्षण

महाप्रबंधक ने इज्जतनगर लोको शेड एवं मंडल चिकित्सालय का किया निरीक्षण

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने गोरखपुर मुख्यालय से आए प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर संजय सिंघल, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश कुमार, प्रमुख मुख्य इंजीनियर नीलमणि तथा मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के साथ मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार की उपस्थिति में इज्जतनगर लोको शेड का संरक्षा एवं सुरक्षा निरीक्षण किया। इसके उपरांत उन्होंने रेल कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण की दृष्टि से मंडल रेलवे चिकित्सालय, इज्जतनगर का भी विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने लोको शेड के ओवरहॉलिंग अनुभाग, बोगी अनुभाग, विद्युत रनिंग शेड सहित विभिन्न कार्यस्थलों का अवलोकन किया तथा विद्युत इंजनों के निर्धारित अनुरक्षण कार्यों की गुणवत्ता एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने लोको शेड की शेष पिट लाइनों का शीघ्र विद्युतीकरण सुनिश्चित करने तथा अनुरक्षण में प्रयुक्त आधुनिक उपकरणों एवं टूल्स की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने उन्नत तकनीक से सुसज्जित लोको शेड के 150वें विद्युत लोकोमोटिव “वैभव” को हरी झंडी दिखाकर राष्ट्र को समर्पित किया।

इसके उपरांत महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने महिला रेलकर्मियों के कर-कमलों द्वारा “माइक्रोप्रोसेसर आधारित एमसीबी टाइम करंट टेस्ट यूनिट” का फीता काटकर शुभारंभ कराया। यह अत्याधुनिक प्रणाली तीन-फेज विद्युत रेल इंजनों के एमसीबी के समय एवं करंट परीक्षण को अधिक सटीक, विश्वसनीय एवं सुरक्षित बनाएगी। इस अवसर पर उन्होंने महिला रेलकर्मियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं, कार्य-परिस्थितियों एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को महिला कर्मचारियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:- बेटा ही निकला पिता का हत्यारा, पहले तीन लोगों पर दर्ज कराया था झूठा मुकदमा

इसके पश्चात महाप्रबंधक ने एक वरिष्ठ रेलकर्मी के कर-कमलों द्वारा सहायक मशीनों के परीक्षण हेतु स्थापित अत्याधुनिक वीवीवीएफ पैनल का फीता काटकर शुभारंभ कराया। इस प्रणाली के माध्यम से सहायक मशीनों का विभिन्न वोल्टेज एवं आवृत्तियों पर परीक्षण किया जा सकेगा, जिससे परीक्षण की गुणवत्ता, विश्वसनीयता एवं संरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलवे कैंटीन का भी अवलोकन किया। उन्होंने कैंटीन में उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित रेलकर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को कर्मचारियों के कल्याण, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन तथा बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

तत्पश्चात महाप्रबंधक, प्रमुख विभागाध्यक्षों एवं मंडल रेल प्रबंधक ने लोको शेड परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस के पदाधिकारियों से भी भेंट कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

इसके बाद महाप्रबंधक ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग की उपस्थिति में मंडल रेलवे चिकित्सालय, इज्जतनगर का निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी कक्ष, सर्जिकल आईसीयू, लेबर रूम, लिनेन एवं औषधि भंडार, पुरुष एवं महिला वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, बाल एवं महिला चिकित्सा वार्ड, स्पेशल वार्ड, पंजीकरण कक्ष तथा ओपीडी ब्लॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए रेल कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *