• October 5, 2026
  • Last Update August 31, 2026 1:57 am
  • Bareilly
सांड ने मारी टक्कर

मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा, सांड से टकराई बाइक और उजड़ गया नवविवाहिता का सुहाग

बरेली। शादी के अभी दो महीने भी पूरे नहीं हुए थे। हाथों की मेहंदी का रंग पूरी तरह फीका भी नहीं पड़ा था कि एक दर्दनाक सड़क हादसे ने 19 वर्षीय अखिलेश यादव की जिंदगी छीन ली। पति की अचानक मौत की खबर सुनते ही नवविवाहिता नीतू देवी की दुनिया उजड़ गई। घर में जहां कुछ समय पहले शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम और चीख-पुकार का माहौल है।

भमोरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत ब्राह्मपुर निवासी अखिलेश यादव पुत्र छत्रपाल यादव पिछले करीब 10 वर्षों से अपनी मां सरिता देवी के साथ ननिहाल में रह रहा था। बीती 21 जून 2026 को उसकी शादी भुता थाना क्षेत्र के मक्खन कोठा गांव निवासी नीतू देवी के साथ हुई थी। परिवार को उम्मीद थी कि नई जिंदगी खुशियों से भरी होगी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

यह भी पढ़ें: सावन के अंतिम सोमवार पर दिखा सेवा और आस्था का अनूठा संगम, सांसद ने कांवड़ यात्रियों पर की पुष्पवर्षा

बताया गया कि सोमवार रात करीब आठ बजे अखिलेश बाइक से घर का सामान लेने बल्लिया जा रहा था। रास्ते में पेट्रोल पंप के सामने अचानक एक सांड सड़क पर आ गया। अखिलेश की बाइक सांड से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में अखिलेश को एंबुलेंस से बरेली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। जिस घर में कुछ सप्ताह पहले दुल्हन के स्वागत में मंगलगीत गूंजे थे, उसी घर में अब नवविवाहिता की चीखें सुनाई दे रही हैं।

पति की मौत के बाद नीतू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार अपने पति को याद कर बेसुध हो जा रही है। परिजनों का भी गम से बुरा हाल है। अखिलेश की असमय मौत ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *