बरेली। चतुर्थ सावन सोमवार के पावन अवसर पर सीबीगंज स्थित शिव मंदिर और थाना परिसर के सामने आस्था के साथ सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। सावन के प्रथम सोमवार से लगातार चल रहे स्वास्थ्य एवं कांवड़ सेवा अभियान के तहत कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा के साथ भोजन, फल, जूस, जलपान और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया गया।
सेवा स्थल पर पहुंचे बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार ने कांवड़ यात्रियों की सेवा में सहभागिता करते हुए भोजन एवं जलपान वितरित किया और पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा श्रद्धालुओं के कल्याण की कामना की।
यह भी पढ़ें: मंदिर परिसर में दो बड़े जनप्रतिनिधियों के बीच कहासुनी की चर्चा, सियासी हलकों में बढ़ी हलचल
स्वास्थ्य शिविर का आयोजन जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.विश्राम सिंह के मार्गदर्शन में डॉ.मधु गुप्ता के संयोजन में किया गया। शिविर में कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक चिकित्सा परामर्श और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य टीम में हिरदेश, मनमोहन, श्रवण, सरिता, मोनू, अनुराग, सूरज और शाहिद सहित स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
सांसद छत्रपाल गंगवार ने कांवड़ यात्रियों के लिए की गई सेवा व्यवस्थाओं और कांवड़ किट की सराहना करते हुए डॉ. मधु गुप्ता और पूरी सीबीगंज टीम के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ उनके स्वास्थ्य और सुविधाओं का ध्यान रखना सराहनीय सेवा है। वहीं पार्षद रचित गुप्ता के नेतृत्व में कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, जूस, फल, नमकीन और पेयजल की व्यापक व्यवस्था की गई।
खलीलपुर क्षेत्र के सहयोगियों, गौरव गुप्ता और अन्य सेवाभावी लोगों ने भी व्यवस्थाओं में सहयोग किया। सेवा अभियान में ज्ञानप्रकाश लोधी, राजन श्रीवास्तव, सौरभ गुप्ता, अनिल कुमार गुप्ता, पवन गुप्ता, सुनील गुप्ता, नवीन राघव, रानू ठाकुर, कुलवीर सिंह, प्रेम शंकर गुप्ता, जेपी गंगवार, रचित अग्रवाल, अनिल गोस्वामी और बंटी ठाकुर सहित अनेक लोगों ने सक्रिय सहभागिता की। डॉ. मधु गुप्ता ने बताया कि सावन के प्रथम सोमवार से निरंतर चल रहे अभियान का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों को उनकी धार्मिक यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ सेवा और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना है। चतुर्थ सोमवार को सांसद की सहभागिता और पुष्पवर्षा से सेवा स्थल पर विशेष उत्साह का माहौल रहा।
