बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने सोमवार को तस्करी के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 403 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस ने पहली कार्रवाई हाईवे स्थित रुकमपुर यात्री शेड के पास सर्विस रोड पर की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अपनाया जाल बिछाया और मोहल्ला अंसारी निवासी हसनैन को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 56 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में हसनैन ने स्वीकार किया कि वह पहले भी चोरी-छिपे स्मैक बेचने का काम करता रहा है। वह हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को निशाना बनाता था।
यह भी पढ़ें: सावन के अंतिम सोमवार पर दिखा सेवा और आस्था का अनूठा संगम, सांसद ने कांवड़ यात्रियों पर की पुष्पवर्षा
इसके बाद दूसरी कार्यवाही पुलिस टीम ने नखासा बाजार और रहपुरा अंडरपास क्षेत्र में एक साथ दबिश दी। इस दौरान दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपी शबाब अहमद के पास से 37 ग्राम स्मैक मिली, जबकि दूसरे आरोपी आसिफ उर्फ गबदा के पास से 310 ग्राम स्मैक बरामद हुई। एक ही व्यक्ति के पास से इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक मिलने के बाद इलाके में नशे के कारोबार की गहराई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। शबाब अहमद ने बताया कि वह आसिफ उर्फ गबदा से 900 रुपये प्रति ग्राम की दर से स्मैक खरीदता था और आगे 1500 रुपये प्रति ग्राम तक बेच देता था। इस धंधे में उसे मोटा मुनाफा होता था। वहीं मुख्य आरोपी माना जा रहा आसिफ उर्फ गबदा ने बताया कि उसके पास बरामद हुई स्मैक पहले से स्टॉक में रखी थी और उसी को बेचकर वह अपने परिवार का खर्च चला रहा था।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। उनके नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य संपर्कों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। बरामदगी के आधार पर तीनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने टीम की इस कार्रवाई को नशे के विरुद्ध बड़ी उपलब्धि बताया है।
