बरेली। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर युवाओं को खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से देश के आठ लाख से अधिक युवाओंं के साथ संवाद करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त को किया जाएगा। सोमवार को माय भारत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गुरुवार, 27 अगस्त को सुबह 11 बजे महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। देशभर में युवाओं को खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण के राष्ट्रीय विजन से जोड़ने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम देश के प्रत्येक जिले में चयनित दो महाविद्यालयों में एक साथ आयोजित होगा।
प्रधानमंत्री मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। निर्धारित स्थलों पर प्रधानमंत्री के संबोधन का एक साथ लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम की गतिविधियां शुरू होंगी।
स्थानीय कार्यक्रम में क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवा आइकॉन के बीच खेल से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद होगा। इसके बाद केंद्रीय एवं राज्य स्तर के जनप्रतिनिधियों का संबोधन तथा युवाओं के साथ युवा संवाद आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: मंदिर परिसर में दो बड़े जनप्रतिनिधियों के बीच कहासुनी की चर्चा, सियासी हलकों में बढ़ी हलचल
युवाओं के सुझावों पर रहेगा विशेष जोर
उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में युवा संवाद महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। इसमें युवाओं के विचारों, सुझावों और आकांक्षाओं को सुना और दर्ज किया जाएगा। इसके लिए चार प्रमुख विषय निर्धारित किए गए हैं।
इनमें अधिक नागरिक जागरूक एवं जिम्मेदार युवा का निर्माण, भविष्य के लिए तैयार युवा एवं कक्षा से आगे के कौशल, नई पीढ़ी के लिए स्वयंसेवा की नई अवधारणा और माय भारत को और मजबूत मंच बनाना शामिल हैं। युवाओं की ओर से दिए गए सुझावों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर आगे भेजा जाएगा, ताकि युवा वर्ग की अपेक्षाओं और विचारों को व्यापक स्तर पर सामने लाया जा सके।
माय भारत पंजीकरण अभियान भी चलेगा
कार्यक्रम के दौरान माय भारत पंजीकरण अभियान भी चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत प्लेटफॉर्म से जोड़ना है। प्रतिभागियों को अपने सुझाव डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने के लिए कार्यक्रम स्थल पर क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
उपनिदेशक ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल खेल और फिटनेस तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उनमें नागरिक जिम्मेदारी, कौशल विकास, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूत करना है। इसके माध्यम से युवाओं को देश के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।
