• October 5, 2026
  • Last Update August 31, 2026 1:57 am
  • Bareilly
विधिक सेवा प्राधिकरण

महिला समानता और अधिकारों को लेकर विधि छात्रों को किया जागरूक

बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा के निर्देशानुसार मंगलवार को बरेली महाविद्यालय के विधि संकाय में महिला समानता, अधिकारों तथा महिला कल्याण विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता एवं संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन समन्वयक रिंकी सैनी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अधिकार मित्र साधना कुमारी एवं प्रभा गंगवार के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विधि की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को महिलाओं के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना रहा। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को समान अधिकार दिलाने और उनके प्रति होने वाले भेदभाव को समाप्त करने में कानून की महत्वपूर्ण भूमिका है।

यह भी पढ़ें: सावन के अंतिम सोमवार पर दिखा सेवा और आस्था का अनूठा संगम, सांसद ने कांवड़ यात्रियों पर की पुष्पवर्षा

छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान में महिलाओं को दिए गए समानता के अधिकार, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण, कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ होने वाले लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम तथा जरूरतमंद महिलाओं को उपलब्ध विधिक सहायता के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।

वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे कानून की जानकारी को समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में सहयोग करें। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने महिला अधिकारों एवं कानून से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *