• August 21, 2026
  • Last Update August 11, 2026 1:14 am
  • Bareilly
स्मार्ट मीटर के विरोध में सौंपा ज्ञापन

खाद की किल्लत और स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

बरेली। किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा स्मार्ट मीटरों के कारण बढ़े बिजली बिलों से राहत दिलाने की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष एडवोकेट दिनेश दादा और प्रदेश प्रवक्ता राज शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसीएम को सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि खरीफ सीजन में धान की बुवाई और रोपाई का कार्य तेज़ी से चल रहा है। ऐसे समय किसानों को यूरिया और डीएपी की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, लेकिन उन्हें खाद के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। इसके बावजूद पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो रही, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें:- CJP Protest: लुटियंस दिल्ली में बंद हुई इंटरनेट सेवाएं, कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम हैंडल भी कुछ देर के लिए हुआ बंद

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगाए गए स्मार्ट मीटरों की रीडिंग तेज़ आने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिसके कारण उपभोक्ताओं पर भारी-भरकम बिजली बिलों का बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में आम जनता पहले से ही आर्थिक संकट झेल रही है और ऐसे बिल लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं।

कांग्रेस ने राज्यपाल से किसानों की खाद समस्या का तत्काल समाधान कराने और स्मार्ट मीटरों से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी। ज्ञापन के दौरान डॉ हरीश गंगवार , मनोज शर्मा , देवेंद्र प्रकाश , मोसीन अंसारी, सुरेश दिवाकर , सतीश चंद्रा, पूर्व विधायक छोटेलाल गंगवार, राज शर्मा, मुजम्मिल हुसैन आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *