बरेली। कथावाचक पंडित राधेश्याम की प्रतिमा का अनावरण मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। राधेश्याम की प्रतिमा जीआईसी ऑडिटोरियम में स्थापित की गई है। इसी के साथ स्मार्ट सिटी योजना से नवनिर्मित जीआईसी ऑडिटोरियम का नाम भी पंडित राधेश्याम स्मृति भवन रखा गया है। यह कार्यक्रम कथावाचक पंडित राधेश्याम की यादों को सहेजने के लिए आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंडित राधेश्याम के परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।
विरासत का संरक्षण और सम्मान आवश्यक
प्रतिमा के अनावरण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विरासत के संरक्षण और सम्मान आवश्यक है। यही समाज की प्रगति का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी विरासत का सम्मान करता है, वह विकास की ऊंचाइयों को छूता है। उन्होंने कहा कि पूर्वजों और विरासत की अवमानना दुर्गति का मार्ग खोलती है।
रामपुर से बरेली पहुंचे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामपुर में जनसभा को संबोधित करने के बाद दोपहर करीब 12:20 बजे हेलीकॉप्टर से बरेली पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन मैदान में उतरा। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला सीधे जीआईसी ऑडिटोरियम पहुंचा। यहां उन्होंने पंडित राधेश्याम की प्रतिमा का अनावरण किया। पंडित राधेश्याम ने खड़ी बोली में रामायण की रचना की थी। जिला प्रशासन ने उनकी याद में यह प्रतिमा स्थापित कराई है।
सुरक्षा के मद्देनजर रास्ते किए बंद, लगा जाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर में प्रवेश करते ही प्रमुख चौराहों व रास्तों को पूरी तरह बंद कर दिया गया। जिसके कारण आवागमन पूरी तरह से प्रभावित रहा। जीआईसी ऑडिटोरियम में जबतक मुख्यमंत्री का कार्यक्रम चला पटेल चौक से चौपुला स्थित फ्लाईओवर और चौराहे पर भीषण जाम लग रहा। बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन जाम में फंसे नजर आए।
इस बीच चौपुला पुल पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। सीएम का काफिला गुजरने के दौरान पुल के ऊपर और नीचे आवागन पूरी तरह बंद रहा। वहीं अटल सेतु पर भी भीषण जाम देखने को मिला।
यह भी पढ़ें:- सीएम योगी के दौरे के मद्देनजर मंगलवार को सुबह आठ बजे से होगा रूट डायवर्जन, बंद रहेगा पुराना बस अड्डा
