बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को नाथ नगरी बरेली का दौरा करेंगे। सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को बरेली में सुबह आठ से कार्यक्रम समाप्ति तक रूट डायवर्जन रहेगा। सुरक्षा कारणों से पुराना बस अड्डा मंगलवार को बंद रहेगा। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने सोमवार को रूट डायवर्जन जारी कर दिया।
जाने कहां-कहां रहेगा रूट डायवर्जन
बरेली शहर में प्रवेश करने वाले सभी भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। शहर में परसाखेड़ा रोड नंबर एक, विलवा पुल, विलयधाम, लालपुर कट, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा से भारी वाहन प्रवेश नहीं कर सकेंगे। वहीं दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत से बदायूं या लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को बड़ा बाइपास होकर गुजरना होगा।
इसके अतिरिक्त लखनऊ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर, रजऊ तिराहा होते हुए बड़ा बाइपास से निकलेंगे। बदायूं से बरेली आने वाले भारी वाहन भमौरा, देवचरा चौराहा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी, रजऊ तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक आ सकेंगे।
पुराना बस अड्डा रहेगा बंद, नहीं होगा बसों का संचालन
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को पुराना रोडवेज बस अड्डे से बसों का संचालन नहीं किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुराने बस अड्डे से संचालित होने वाली सभी रोडवेज बसें सेटेलाइट बस अड्डे से संचालित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त नैनीताल, दिल्ली, रामपुर और पीलीभीत से आने वाली बसें बड़ा बाइपास और रजऊ तिराहा होते हुए सेटेलाइट बस अड्डे आएंगी।
क्या है ट्रैफिक एडवाइजरी
एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने लोगों से अपील की है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के कारण लागू डायवर्जन को ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। डायवर्जन नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हफ्ते भर से चल रही हैं तैयारियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम काफी मुस्तैद नजर आ रहा है। मंगलवार दोपहर शहर पहुंच रहे मुख्यमंत्री के स्वागत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हफ्ते भर से शहर में तैयारियों का दौर चलता रहा। मुख्यमंत्री के रूट और कार्यक्रम स्थलों को चमकाने के लिए निगम ने सफाई और सौंदर्यीकरण का अभियान चलाया हुआ है। विशेष रूप से सर्किट हाउस के आस-पास के पूरे इलाके में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
मुख्यमंत्री के दौरे को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट वाले मुख्य मार्ग से लेकर मुख्यमंत्री के तय रूट पर सड़क किनारे से अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह से साफ कर दिया गया। इसके अतिरिक्त जीआईसी रोड पर भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए दिनभर नाला निर्माण का कार्य तेजी से चलता रहा।
यह भी पढ़ें:- धर्मपाल सिंह ने 5 करोड़ से किया 7 सड़कों का शिलान्यास, हजारों ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
