• August 21, 2026
  • Last Update August 11, 2026 1:14 am
  • Bareilly
40 रेल अधिकारियों व कर्मचारियों हुए सेवानिवृत्त

इज्जतनगर मंडल में 40 रेल अधिकारियों व कर्मचारियों हुए सेवानिवृत्त

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में जून 2026 में सेवानिवृत्त हुए 3 राजपत्रित अधिकारियों एवं 37 कर्मचारियों के सम्मान में रोड नंबर-2 स्थित अधिकारी क्लब में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समापक राशि भुगतान परिपत्र, मेडिकल कार्ड तथा सेवानिवृत्ति से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रदान किए और उनके स्वस्थ, सुखमय एवं समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण है, जहां अनुभवों का उपयोग समाज और परिवार के मार्गदर्शन में किया जा सकता है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों से स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने तथा जीवनभर की अर्जित पूंजी का विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रेल सेवा के दौरान कर्मचारियों की निष्ठा, अनुशासन और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी रहेगा।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि इस माह सेवानिवृत्त होने वाले राजपत्रित अधिकारियों में ओ.पी. मीना (वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक), ए.के. सिंह (उप मुख्य इंजीनियर/गति शक्ति) तथा अनिल कुमार (सहायक परिचालन प्रबंधक) शामिल हैं। इनके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के 37 कर्मचारियों को भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

यह भी पढ़ें:- पंडित राधेश्याम की प्रतिमा का सीएम योगी ने किया अनावरण, कहा विरासत का संरक्षण और सम्मान आवश्यक

उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशानुसार इज्जतनगर मंडल में नई पहल के तहत सेवानिवृत्ति से उत्पन्न रिक्तियों पर उसी दिन पात्र कर्मचारियों को पदोन्नति देने की व्यवस्था लागू की गई है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना तथा पदोन्नति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है।

समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग, शाखा अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन पदाधिकारी, रेलकर्मी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *