• September 15, 2026
  • Last Update August 31, 2026 1:57 am
  • Bareilly
america and iran

अमेरिका-ईरान: ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम को अमेरिका ने बनाया निशाना, तेहरान ने कुवैत पर दागे ड्रोन

दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। तनाव के बीच अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट (एक्सियोस) के अनुसार संयुक्त राज्य अमेरिका ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरानी मिसाइल और हवाई रक्षा प्रणालियों को निशाना बनाते हुए सिलसिलेवार हवाई हमले किए हैं।

एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के हवाले से दी गई इस रिपोर्ट में बताया गया है कि इन हमलों में ईरान की ‘इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स’ (आईआरजीसी) द्वारा संचालित छोटी और तेज रफ्तार नौकाओं को भी निशाना बनाया गया है। यह कार्रवाई जलमार्ग के आस-पास कई अलग-अलग ठिकानों पर की गई।

ईरान में जोरदार धमाके

ईरान की समाचार एजेंसी ‘फार्स’ के अनुसार रविवार को ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास के पूर्व में और पास के तटीय इलाके केशम में कई जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई। शुरुआती तौर पर इन धमाकों की असल वजह साफ नहीं हो पाई थी, और रिपोर्ट सामने आने तक ईरानी अधिकारियों की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया था।

यह भी पढ़ें:- गगनयान मिशन: समंदर में पलट भी जाए क्रू मॉड्यूल तो खुद-ब-खुद हो जाएगा सीधा, जानिए ISRO की स्वदेशी सुरक्षा तकनीक

अमेरिका ने सीमा केंद्रों और तेल प्लेटफॉर्म पर भी किए हमले

तनाव के बीच कुवैत ने दावा किया है कि उसके तीन सीमा केंद्रों और समुद्र में स्थित एक तेल ड्रिलिंग प्लेटफॉर्म पर हमला हुआ है। इन हमलों में संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है।

जमीनी केंद्रों पर हमला

कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया कि देश के तीन उत्तरी जमीनी सीमा केंद्रों को एक आपराधिक हमले में निशाना बनाया गया। ड्रोन से तेल प्लेटफॉर्म को बनाया निशाना: मंत्रालय ने आगे बताया कि कुवैत के समुद्री क्षेत्र में ‘कुवैत ऑयल कंपनी’ द्वारा संचालित एक तेल ड्रिलिंग प्लेटफॉर्म पर ड्रोन से हमला किया गया। इस हमले में वहां काम करने वाला एक कर्मचारी घायल हो गया है।

अमेरिका के दावे के बीच ईरान का पलटवार

इससे पहले अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दावा किया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से खुला है और वहां से जहाजों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक आधिकारिक बयान में सेंटकॉम ने कहा, ‘होर्मुज जलडमरूमध्य उन सभी जहाजों के लिए खुला है जो कानूनी रूप से इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग से गुजरना चाहते हैं।

ईरान की अकारण आक्रामकता, उत्पीड़न, धमकियों और मनमाने बयानों के बावजूद, अमेरिकी सेना नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए तैनात और पूरी तरह तैयार है। ईरान का इस जलडमरूमध्य पर कोई नियंत्रण नहीं है। यातायात सुचारू रूप से चल रहा है’। 

अमेरिकी सेंट्रल कमांड के दावे को ईरान ने सिरे से खारिज कर दिया है। ईरान ने दो- टूक कहा है कि यह रणनीतिक रास्ता फिलहाल बंद है और इस पर उसका पूरा नियंत्रण है। ईरान की आधिकारिक समुद्री संस्था ‘पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी’ (पीजीएसए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अमेरिकी दावों को खारिज किया। पीजीएसए ने सभी को सूचित करते हुए कहा, ‘क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य बलों की हालिया अवैध गतिविधियों के कारण, फिलहाल होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरना संभव नहीं है’।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *