बरेली। मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर में पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशाल तुलसी पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर में दर्शन करने पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को निःशुल्क तुलसी के पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों में तुलसी का पौधा लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब के संरक्षक के.बी. अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि तुलसी केवल एक धार्मिक पौधा ही नहीं, बल्कि औषधीय गुणों से भरपूर होने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यदि प्रत्येक परिवार अपने घर में तुलसी का पौधा लगाए और उसकी नियमित देखभाल करे तो इससे वातावरण शुद्ध होगा और लोगों को स्वच्छ हवा के साथ प्राकृतिक हरियाली का भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक संगठनों को ऐसे जनहित के कार्यक्रम लगातार आयोजित करने चाहिए, जिससे समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़े।
यह भी पढ़ें:- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे बना देश का सबसे महंगा एक्सप्रेसवे, चलते-चलते कटेगा टैक्स
मानव सेवा क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने बताया कि क्लब का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करना है। इसी अभियान के तहत शहर के प्रमुख मंदिरों में भी आगामी दिनों में तुलसी पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि धार्मिक स्थलों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं ने इस अभियान को भरपूर समर्थन दिया और पौधे प्राप्त करने के बाद उनकी देखभाल का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वितरित किए गए तुलसी के पौधे क्लब के आगामी महासचिव मुकेश कुमार सक्सेना के सौजन्य से उपलब्ध कराए गए। पौध वितरण के दौरान स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को तुलसी के धार्मिक, आयुर्वेदिक और पर्यावरणीय महत्व की जानकारी भी दी। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक अभियान में भागीदारी की।
इस अवसर पर सुरेश बाबू मिश्रा, राजेश कुमार सक्सेना, डॉ. अतुल कुमार वर्मा, जितेंद्र सक्सेना, मुकेश कुमार, मधु वर्मा, रश्मि सक्सेना, प्रकाश चंद्र सक्सेना, इन्द्र देव त्रिवेदी, सुनील कुमार शर्मा, सुधीर मोहन, हर्ष अग्रवाल, रमेश चंद्र,ए.एल. गुप्ता तथा गंगा राम पाल सहित क्लब के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा के पाठ और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं ने मानव सेवा क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
