• August 21, 2026
  • Last Update August 11, 2026 1:14 am
  • Bareilly
पप्पू यादव

संसद में अलग ही अंदाज में विपक्ष ने किया विरोध प्रदर्शन, पप्पू यादव बने ‘पुजारी’, राहुल ने चढ़ाया चंदा 

दिल्ली। शुक्रवार को संसद परिसर में विपक्ष ने अनोखे अंदाज में राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया। नाट्यकला के जरिए अपनी बात रखते हुए विपक्षी नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधा और मामले पर संसद में चर्चा कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पुजारी के वेश में संसद भवन के मकर द्वार के सामने पहुंचे। उनके हाथ में एक ‘दान पेटी’ थी, जिसके जरिए उन्होंने विपक्ष के आरोपों को दर्शाने की कोशिश की।

यह भी पढ़ें:- नीट के बाद अब गुजरात में बीएएमएस पेपर लीक?: संजय सिंह ने भाजपा पर लगाए आरोप

दान पेटी और पुजारी के वेश में जताया विरोध

विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता पप्पू यादव के पास पहुंचे और प्रतीकात्मक रूप से दान पेटी में पैसे डाले। इसके बाद पप्पू यादव दान पेटी लेकर भागने का अभिनय करने लगे। विपक्ष ने इस नाटकीय प्रस्तुति के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितता हुई है। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने ‘चोर-चोर’ और ‘चढ़ावा चोर’ जैसे नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया।

विपक्ष ने की संसद में चर्चा की मांग

अयोध्या से समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह मुद्दा पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की पावन भूमि है और अगर अयोध्या का अपमान हुआ है तो इस मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले को संसद में भी उठाया जाएगा और चर्चा की मांग की जाएगी।

छात्रों के मुद्दे पर भी हुआ प्रदर्शन

विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भी संसद परिसर में नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग भी उठाई। संसद परिसर में हुए इस प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *