बरेली । आगामी कांवड़ यात्रा और उर्स-ए-आला हजरत के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिला प्रशासन और उर्स आयोजकों के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने की। बैठक के दौरान दोनों आयोजनों से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को समय रहते सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उर्स-ए-आला हजरत के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के समक्ष विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े सुझाव और मांगें रखीं। आयोजकों ने इस्लामिया ग्राउंड तथा उन विद्यालयों के मैदानों में गड्ढे भरवाने का अनुरोध किया, जहां उर्स के दौरान बाहर से आने वाले जायरीन ठहरते हैं। इसके अलावा साफ-सफाई, पेयजल, हैंडपंप, अस्थायी शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
प्रतिनिधियों ने कुतुबखाना स्थित मस्जिद के ऊपर बने पुल से होने वाले जलभराव की समस्या का समाधान कराने और उर्स के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने जिला अस्पताल की ओर से स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस और चिकित्सा टीम की तैनाती की मांग रखते हुए रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने तथा ट्रेनों की समय-सारिणी प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित कराने की भी आवश्यकता बताई, ताकि बाहर से आने वाले जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यह भी पढ़ें:- देहरादून महायोजना-2041 : जनता की आवाज़ से आकार ले रहा देहरादून का भविष्य
बैठक में मथुरापुर क्षेत्र की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, नालों और नालियों की समय से सफाई तथा बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग भी उठी। आयोजकों ने दरगाह क्षेत्र और आसपास की गलियों में लटक रहे बिजली के तारों को दुरुस्त कराने, विद्युत पोलों पर सुरक्षा की दृष्टि से प्लास्टिक शीट (पन्नी) लगाने और उर्स के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने का भी अनुरोध किया।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आयोजकों को आश्वस्त किया कि सभी विभागों के समन्वय से समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। उन्होंने निर्देश दिए कि दरगाह प्रबंधन की ओर से नियुक्त किए जाने वाले सभी स्वयंसेवकों को पहचान पत्र (आईडी कार्ड) जारी किए जाएं। साथ ही पूर्व वर्षों की तरह निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाए, अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं और कचरा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं पर नजर रखने तथा किसी भी तरह की गलत जानकारी प्रसारित न होने देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा और उर्स दोनों महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि श्रद्धालुओं और जायरीन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देश दीपक, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान, उप जिलाधिकारी सदर, एसीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और दरगाह आला हजरत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
