• August 21, 2026
  • Last Update August 11, 2026 1:14 am
  • Bareilly
एसपी साउथ

एसपी साउथ ने की थानों की समीक्षा, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

बरेली। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने शनिवार को अपने कार्यालय में दक्षिणी क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों की ऑर्डरली रूम (ओ.आर.) बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गंभीर प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में थाना-वार लंबित विवेचनाओं, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, महिला अपराध, जनशिकायतों के निस्तारण तथा अन्य महत्वपूर्ण मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर, पॉक्सो और महिला संबंधी अपराधों की विवेचनाओं में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:- ब्रह्मण स्वयंसेवक संघ ने की भरत तिवारी हत्या की कड़ी निंदा, पारित हुआ प्रस्ताव

उन्होंने कहा कि जिन मामलों में पीड़िताओं अथवा अपहृताओं की बरामदगी शेष है, उनमें विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की जाए। साथ ही जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने और महिला संबंधी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अंशिका वर्मा ने थाना स्तर पर अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव, अपराध संबंधी डाटा की नियमित समीक्षा तथा यक्ष ऐप सहित अन्य तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अपराधियों की प्रभावी निगरानी करने पर भी जोर दिया। उन्होंने थाना प्रभारियों को नियमित पैदल गश्त, वाहन चेकिंग अभियान चलाने और क्षेत्र में घटित प्रत्येक घटना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) ने सभी थाना प्रभारियों से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही आमजन के प्रति शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार अपनाकर पुलिस की सकारात्मक छवि को और मजबूत बनाने पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *