अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी से भडके सपाई, पुलिस से की कार्रवाई की मांग

अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी से भडके सपाई, पुलिस से की कार्रवाई की मांग

मऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। इस मामले में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कोतवाली पहुंचकर विरोध जताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

घोसी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. सुजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुलिस को एक शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया के पांच अलग-अलग अकाउंट से अदिति यादव के संबंध में अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं।

सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि इन पोस्टों के जरिए उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उनका आरोप है कि इस तरह की टिप्पणियों से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावनाएं भी आहत हुई हैं।

पार्टी नेताओं ने पुलिस प्रशासन से संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक सामग्री हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी अपील की गई है।

सपा नेताओं का कहना है कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्तियों और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग सामाजिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

कोतवाली पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सचिव मौलाना शम्स तबरेज़, राजेंद्र पांडेय, फजलुर्रहमान, खुर्शीद अहमद, विजय प्रकाश, गोपाल साहनी, रामप्रताप यादव, महेंद्र यादव, मुमताज अहमद, लालचंद यादव और अमरेंद्र बहादुर यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।

इस संबंध में कोतवाल रविंद्रनाथ राय ने बताया कि समाजवादी पार्टी की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और अकाउंट्स की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *