बरेली। शहर के विकास और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजन की दिशा में जनसेवा टीम ने अय्यूब खां चौराहा (पटेल चौक) स्थित स्काई वॉक को शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव नगर निगम को सौंपा है। शुक्रवार को जनसेवा टीम के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी खां वारसी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने महापौर डॉ. उमेश गौतम से मुलाकात कर इस संबंध में विस्तृत ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में सुझाव दिया गया कि स्काई वॉक के दोनों ओर लगभग छह-छह फीट अतिरिक्त फ्लोर एरिया विकसित कर वहां सुनियोजित ढंग से छोटी-छोटी दुकानों का निर्माण कराया जाए। इससे स्थानीय बेरोजगार युवाओं और छोटे व्यापारियों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही सड़क किनारे लगने वाले ठेले और अस्थायी दुकानों को व्यवस्थित रूप से यहां स्थानांतरित किया जा सकेगा, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और शहर को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें:- उत्तर प्रदेश को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिला 17वां एग्रीकल्चर लीडरशिप अवॉर्ड-2026
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सुझाव दिया कि दुकानों के आवंटन और मासिक किराए अथवा तहबाजारी के माध्यम से नगर निगम के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इसके अलावा स्काई वॉक के व्यावसायिक उपयोग से अय्यूब खां चौराहे का सौंदर्यीकरण होगा और क्षेत्र की व्यावसायिक गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा।
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने प्रस्ताव की सराहना करते हुए कहा कि यह जनहित से जुड़ा उपयोगी सुझाव है। नगर निगम भी इस योजना पर गंभीरता से विचार कर रहा है और इसे अमल में लाने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाएगा। जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खां वारसी ने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बने स्काई वॉक का अभी तक पूर्ण उपयोग नहीं हो सका है। यदि इसे स्काई वॉक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाए तो यह शहर के विकास, रोजगार सृजन और नगर निगम की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस दौरान व्यापारी नेता विशाल मल्होत्रा, डॉ. सीताराम राजपूत, निक्की वर्मा, हाजी साकिब रजा खां, फाजिल खान, हाजी उवैस खान, हाजी डॉ. कासिमुद्दीन, अहमद उल्लाह वारसी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
