• October 5, 2026
  • Last Update August 31, 2026 1:57 am
  • Bareilly
योगिनी एकादशी पर सजा बाबा श्याम का दरवार

योगिनी एकादशी पर बाबा श्याम का भव्य दरबार सजा, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

बरेली। आषाढ़ मास के कृष्ण पक्ष की योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में बाबा खाटूश्याम का भव्य श्रृंगार एवं श्याम गुणगान का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। मंदिर परिसर को कलकत्ता और बेंगलुरु से मंगाए गए रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया।

बाबा श्याम के दिव्य दरबार के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि योगिनी एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम की विशेष श्रृंगार सेवा मंदिर समिति की ओर से कराई गई। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम के दरबार में आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं उनकी कृपा से पूर्ण होती हैं, इसलिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

यह भी पढ़ें:- उत्तर प्रदेश को कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिला 17वां एग्रीकल्चर लीडरशिप अवॉर्ड-2026

शाम को आयोजित भजन संध्या ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भजन गायक मोहन दीवाना ने किया। इसके बाद सोनल चंचल, मारुति शर्मा, शिवम शर्मा, अभिराज सिंह, आनंद और मोहन दीवाना ने एक से बढ़कर एक श्याम भजन प्रस्तुत किए। श्याम तेरी बंसी पुकारे सहित अनेक भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर नृत्य करते नजर आए।

शिवम शर्मा ने गणेश एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। संगीत संयोजन में ऑर्गन पर विशाल मौर्य, ढोलक पर सचिन तथा पैड पर अंकुर कश्यप ने शानदार संगत दी, जबकि ध्वनि व्यवस्था की जिम्मेदारी विपिन कश्यप ने निभाई।

इस अवसर पर अनुपम टीबडेवाल, धर्मेंद्र सिंह तोमर, निशिष अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, मनोज गुप्ता, रामबहादुर प्रजापति, राजेश कुमार, सविता गुप्ता, कुलदीप गुप्ता, गौरव अरोड़ा, पवन मौर्य, सत्यवती पाठक, दीक्षा पाठक, श्रद्धा, ममता, मीनू-राजेंद्र भसीन, अंकुर गुप्ता, काजल-जगमोहन प्रजापति सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *