• October 5, 2026
  • Last Update August 31, 2026 1:57 am
  • Bareilly
भाजपा नेता पर जमीन हडपने का आरोप

भाजपा नेता पर जमीन कब्जाने का आरोप, मो. मजहर ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

बरेली। शहर की करोड़ों रुपये मूल्य की एक विवादित भूमि को लेकर नया विवाद सामने आया है। बरेली निवासी मो. मजहर ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर भाजपा नेता राधे गुर्जर समेत कुछ अन्य लोगों पर विवादित भूमि पर कब्जा करने का प्रयास, जबरन निर्माण कराने, झूठा मुकदमा दर्ज कराकर दबाव बनाने तथा प्रशासनिक कार्रवाई को प्रभावित करने के आरोप लगाए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

मो. मजहर का कहना है कि विवादित भूमि से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद भूमि पर तेजी से निर्माण कराने का प्रयास किया जा रहा है। उनका आरोप है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

यह भी पढ़ें:- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे बना देश का सबसे महंगा एक्सप्रेसवे, चलते-चलते कटेगा टैक्स

उन्होंने बताया कि 1 जून 2026 को कथित रूप से विवादित भूमि पर निर्माण शुरू कराने का प्रयास हुआ, जिसकी सूचना उन्होंने डायल-112, स्थानीय पुलिस चौकी और वरिष्ठ अधिकारियों को दी। उनका आरोप है कि लगातार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई करने के बजाय उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करा दी गई। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जिस घटना को 4 जून का बताया गया, उसकी एफआईआर 7 जुलाई को दर्ज क्यों की गई।

प्रेस वार्ता में मो. मजहर ने राजेश बाबू, रविंद्र कुमार और अन्य लोगों पर 19.50 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप भी लगाया। उनका दावा है कि आरोपियों ने स्वयं को जमीन का मालिक बताकर और पुनर्स्थापन कराने का भरोसा देकर यह रकम ली। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनके पास दस्तावेजी साक्ष्य मौजूद हैं।

मो. मजहर ने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेंगे। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।

नोट: यह समाचार मो. मजहर द्वारा प्रेस वार्ता में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। भाजपा नेता राधे गुर्जर एवं अन्य संबंधित पक्ष का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *