फैक्ट्री में निवेश का झांसा देकर महिला से ठगे 25 लाख रुपये, मां-बेटे पर मुकदमा दर्ज

फैक्ट्री में निवेश का झांसा देकर महिला से ठगे 25 लाख रुपये, मां-बेटे पर मुकदमा दर्ज

बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में फैक्ट्री में साझेदारी और भारी मुनाफे का लालच देकर एक महिला से करीब 25 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि किराए पर रहने वाले मां-बेटे ने पहले मकान मालकिन का विश्वास जीता और फिर निवेश के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए। जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने न केवल पैसे लौटाने से इनकार कर दिया, बल्कि कथित तौर पर उन्हें धमकाना भी शुरू कर दिया। मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से किए जाने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीलीभीत रोड स्थित विष्णु धाम कॉलोनी निवासी राखी गंगवार, पत्नी कृष्णपाल गंगवार ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में रामपुर जिले के चाऊपुरा वार्ड नंबर-11 निवासी रोहित कुमार और उसकी मां उनके मकान में किराए पर रहने आए थे। किरायेदार होने के कारण दोनों परिवारों के बीच अच्छी जान-पहचान हो गई और धीरे-धीरे आरोपियों ने उनका विश्वास जीत लिया।

यह भी पढ़ें:- उप गन्ना आयुक्त ने गन्ना सर्वेक्षण के प्रजातिवार आकंडे तत्काल उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

शिकायत के अनुसार, रोहित कुमार ने राखी गंगवार को बताया कि उसने बरेली के परसाखेड़ा क्षेत्र में किराए का गोदाम लेकर प्लास्टिक की बोतल बनाने की फैक्ट्री स्थापित की है। उसने दावा किया कि फैक्ट्री का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और इसमें निवेश करने वालों को अच्छा मुनाफा मिल रहा है। रोहित ने महिला को फैक्ट्री में साझेदार बनने का प्रस्ताव दिया और भरोसा दिलाया कि निवेश की गई राशि पर उन्हें अच्छा लाभ मिलेगा।

पहले जीता विश्वास फिर मांगे पैसे

राखी गंगवार का आरोप है कि रोहित और उसकी मां की बातों पर विश्वास करते हुए उन्होंने अलग-अलग समय पर लगभग 25 लाख रुपये निवेश के लिए दे दिए। उन्हें उम्मीद थी कि वे कारोबार की साझेदार बनेंगी और भविष्य में लाभ मिलेगा, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्हें न तो कोई मुनाफा मिला और न ही निवेश की गई रकम वापस की गई।

आरोपी मां-बेटे के कब्जे में सोने की चेन और महत्वपूर्ण कागजात

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि रोहित ने उनकी सोने की चेन जबरन अपने लॉकर में रख ली। इसके अलावा उनके कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और कागजात भी अपने कब्जे में ले लिए। जब उन्होंने अपनी रकम और दस्तावेज वापस मांगे तो आरोपियों ने कथित रूप से 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।

पुलिस महानिदेशक से की शिकायत

लगातार हो रही प्रताड़ना और रकम वापस न मिलने से परेशान राखी गंगवार ने मामले की शिकायत अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) से की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए गए। इसके बाद इज्जतनगर थाना पुलिस ने आरोपी रोहित कुमार और उसकी मां के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

क्या है पुलिस अधिकारियों का कहना

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से जुड़े दस्तावेजों, लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं, इस घटना ने निवेश के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के मामलों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत भी एक बार फिर उजागर कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *