बरेली। बिथरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को गांव में ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल के तहत मंगलवार को आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत सरारी में मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा वैन पहुंची। वैन में चिकित्सकीय टीम ने बड़ी संख्या में ग्रामीणों की आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया।
मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा वैन के गांव पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नेत्र जांच के लिए पहुंचे। चिकित्सकीय टीम ने लोगों की आंखों की जांच करने के साथ उनकी समस्याओं को सुना और आवश्यक परामर्श दिया। टीम में डॉ. रीमा जोशी, स्टेनो सलोनी एवं सहायक अभिषेक ने ग्रामीणों को अपनी सेवाएं प्रदान कीं। गांव में ही नेत्र संबंधी सुविधा मिलने से ग्रामीणों को दूर अस्पतालों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
यह भी पढ़ें: सावन के अंतिम सोमवार पर दिखा सेवा और आस्था का अनूठा संगम, सांसद ने कांवड़ यात्रियों पर की पुष्पवर्षा
विधायक डॉ.राघवेंद्र शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुलभ बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर लोगों की आंखों की जांच और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आंखों में रोशनी और जीवन में उम्मीद लाने की यह पहल केवल एक चिकित्सा सेवा नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति जिम्मेदारी का प्रयास है। जरूरतमंद ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने गांव में मोबाइल नेत्र चिकित्सा सेवा पहुंचने पर खुशी जताई और विधायक डॉ.राघवेंद्र शर्मा की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसी सुविधाएं गांव में ही मिलने से समय और धन दोनों की बचत होती है।
