• August 21, 2026
  • Last Update August 11, 2026 1:14 am
  • Bareilly
स्काई वॉक

स्काई वॉक से गिरकर युवक की मौत, नहीं हो सकी पहचान

बरेली। पटेल चौक पर बना नगर निगम की लापरवाही का नायाब नमूना यानि स्काईवॉक से सोमवार रात गिरे युवक ने मंगलवार को दम तोड़ दिया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। स्थानीय लोग युवक को नशे का आदी बता रहे हैं। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। 

गौरतलब हो कि सोमवार रात करीब नौ बजे यह घटना हुई थी। स्काई वॉक की साइड में लगी टीन तोड़ते हुए एक युवक नीचे सड़क पर गिरा। इस दौरान सड़क पर वाहन दौड़ रहे थे। गनीमत रही कि वह किसी वाहन की चपेट में नहीं आया, लेकिन सड़क पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 

मृतक की नहीं हो सकी पहचान 

युवक के गिरने की खबर मिलते ही तत्काल ही सिविल लाइन चौकी का स्टाफ बाहर आ गया और घायल युवक को उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुबह करीब चार बजे जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। उसके शव की पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की बरेली मण्डल के लोक निर्माण विभाग के नए कार्यों की समीक्षा

सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि युवक कचरा बीनने वाला या सूखे नशे का आदी लग रहा है। स्कॉई वॉक के सभी गेट कंटीले तारों से बंद किए जा चुके हैं, बावजूद नशे के आदी किसी तरह से ऊपर चले जाते हैं और वहां सो जाते हैं। नशे की अधिकता में ये शख्स गिरा होगा।

उर्स के दौरान भी चढ़े थे जायरीन

हाल ही मे हुए आला हजरत उर्स के दौरान शहर में जायरीन का जमावाड़ा लगता है। उर्स का कुल होने के बाद सैकड़ों लोग स्कॉई वॉक पर चढ़ गए थे। इससे यह ढांचा हिल गया था। गनीमत रही कि उस वक्त कोई हादसा नहीं हुआ। वहां मौजूद एसएसपी ने खुद लाठी फटकारकर लोगों को नीचे उतरवाया था। सुरक्षा की दृष्टि से फिर इसे खाली करवाकर कंटीले तार लगवा दिए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *