• August 21, 2026
  • Last Update August 11, 2026 1:14 am
  • Bareilly
धर्मपाल सिंह

धर्मपाल सिंह ने 5 करोड़ से किया 7 सड़कों का शिलान्यास, हजारों ग्रामीणों को मिलेगा लाभ

आंवला, बरेली। आंवला विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने रविवार को लगभग 5 करोड़ रुपये की 7 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन सड़कों की कुल लंबाई करीब 7.975 किलोमीटर बताई गई है, जिनके निर्माण के बाद दर्जनों गांव सीधे मुख्य मार्गों से जुड़ जाएंगे। शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोगों ने मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मंत्री द्वारा जिन प्रमुख मार्गों का शिलान्यास किया गया उनमें ग्राम करुआताल से रमनगला पेट्रोल पंप मार्ग, मऊचन्दपुर पुल से बारीखेड़ा मार्ग, लक्ष्मीपुर से धन्ना वाली गौटिया मार्ग, कुतरोई ठकरान से कुतरोई बुजुर्ग मार्ग और गुलेली से खिरिया मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा मंझा से भजा गौटिया तक इंटरलॉकिंग सड़क तथा चंपतपुर से किटोना देवकोला मार्ग पर नई पक्की सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिना किसी भेदभाव के हर गांव तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। अधिकारियों के अनुसार इन परियोजनाओं के पूरा होने से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी और आपात स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा।

ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से कच्चे रास्तों के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब पक्की सड़कों के निर्माण से आवागमन आसान और सुरक्षित हो जाएगा। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने शिलान्यास पट्टिका का अनावरण कर कार्य को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:- रोटरी क्लब ऑफ बरेली साउथ द्वारा पल्स पोलियो कैंप का किया आयोजन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *