बरेली। तहसील नवाबगंज स्थित कांवड़ विलेज में आज माननीय सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार एवं माननीय विधायक नवाबगंज डॉ एम पी आर्य की मौज़ूदगी में कांवड़ यात्रियों के स्वागत-सत्कार का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा कांवड़ यात्रियों का पुष्प एवं माल्यार्पण कर स्वागत-सत्कार किया गया तथा उनका कुशलक्षेम जाना गया। कांवड़ यात्रियों के लिए कांवड़ विलेज में भोजन की व्यवस्था भी की गई, जिसमें उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। कांवड़ विलेज में कांवड़ यात्रियों के मनोरंजन एवं आध्यात्मिक वातावरण को बनाए रखने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कांवड़ यात्रियों में उत्साह का संचार किया।
इस अवसर पर माननीय सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा को सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कांवड़ विलेज में कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए सुरक्षा, खानपान, विश्राम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
इस अवसर पर माननीय विधायक डॉ एम पी आर्य ने कहा कि शासन एवं प्रशासन कांवड़ यात्रा को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। विभिन्न स्थानों पर की गई व्यवस्थाओं का सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहा है और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हो रही है। प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान माननीय सांसद एवं माननीय विधायक ने कांवड़ विलेज में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। पेयजल, भोजन, स्वच्छता, विश्राम, चिकित्सा एवं सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं निरंतर सुचारू रखी जाएं। कांवड़ यात्रियों ने कांवड़ विलेज में की गई व्यवस्थाओं एवं स्वागत-सत्कार के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया तथा व्यवस्थाओं की सराहना की।
कार्यक्रम में माननीय सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, माननीय विधायक नवाबगंज, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा उप जिलाधिकारी नवाबगंज सचिन यादव, उपजिलाधिकारी पूनम भास्कर,पुलिस क्षेत्राधिकारी निलेश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
