बरेली। चंद नगर धार्मिक समिति, पुराना शहर की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर निकाली जाने वाली श्रीकृष्ण दधिकांदों शोभायात्रा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। तैयारियों को लेकर श्री सीताराम मंदिर परिसर में समिति की बैठक अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। संचालन महामंत्री सोमपाल प्रजापति ने किया।
बैठक में शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के बीच जिम्मेदारियों का विभाजन किया गया। शोभायात्रा के लिए बैल ठेलों और बैंड की अग्रिम धनराशि देकर बुकिंग कर ली गई है। मंदिर की रंगाई-पुताई और सजावट की व्यवस्था भी तय कर दी गई है, जिसका कार्य जल्द शुरू होगा।
समिति ने शोभायात्रा के मार्ग की व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था के लिए नगर निगम को पत्र भेजने का निर्णय लिया। वहीं शोभायात्रा की अनुमति के लिए जिलाधिकारी को पत्र सौंपा जाएगा। बैठक में पुलिस व्यवस्था के साथ सिविल डिफेंस का सहयोग लेने पर भी सहमति बनी। शोभायात्रा मार्ग में आने वाले सभासदों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। अतिथियों की सूची तैयार कर निमंत्रण पत्र छपने के लिए भेज दिए गए हैं।
बैठक में उपाध्यक्ष प्रवक्ता दिनेश दद्दा एडवोकेट, शोभायात्रा उप संयोजक सुरेश दिवाकर, राजीव निर्भय, मंत्री सर्वेश गुप्ता, तोताराम गुप्ता, कोषाध्यक्ष पंकज राज वर्मा, सुनील सागर, शेर बहादुर गुप्ता, बांकेलाल श्रीवास्तव दीवानी, अमूल कुमार गुप्ता, राहुल चौधरी, प्रदीप सिंह, नरेश चंद्र गुप्ता और पुजारी उमाशंकर मिश्रा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
