• September 15, 2026
  • Last Update August 31, 2026 1:57 am
  • Bareilly
रक्षा बंधन कार्यक्रम में मेयर उमेश गौतम

मेयर के रक्षाबंधन कार्यक्रम में भगदड़, पुलिस ने संभाली व्यवस्था; महिला की मौत की सूचना से मचा हड़कंप

बरेली। बरेली क्लब में बृहस्पतिवार को महापौर उमेश गौतम और पार्थ गौतम फाउंडेशन की ओर से आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ने से अव्यवस्था की स्थिति बन गई। बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने से कार्यक्रम स्थल के आसपास जाम लग गया। भीड़ और धक्कामुक्की के बीच कई महिलाओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना है। पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करनी पड़ी। इसी बीच सूत्रों के हवाले से एक महिला की मौत की सूचना सामने आने से हड़कंप मच गया। हालांकि, देर शाम तक पुलिस और प्रशासन की ओर से मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं के पहुंचने के कारण बरेली क्लब के आसपास की सड़कों पर भीड़ बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं की भीड़ लगातार बढ़ती गई, जिससे धक्कामुक्की और अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर आसपास के थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात व्यवस्था को संभाला।

कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं ने आयोजन को लेकर व्यवस्थाओं पर सवाल भी उठाए। उनका कहना था कि महिलाओं को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए बसों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद घर लौटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। इससे कार्यक्रम स्थल पर भीड़ और बढ़ती गई और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

इसी दौरान करीब 40 वर्षीय रेखा भी कार्यक्रम में साड़ी लेने पहुंची थीं। गर्मी और भीड़ के बीच उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. शैलेश रंजन के मुताबिक, एंबुलेंस में महिला बेहोश हो गई थीं, लेकिन रास्ते में उन्हें होश आ गया। उनके साथ तीन अन्य महिलाएं और एक पार्टी के नेता भी अस्पताल पहुंचे थे।

डॉ. शैलेश रंजन के अनुसार, धक्कामुक्की के दौरान महिला को गुम चोट लगने से दर्द की शिकायत थी। इसके अलावा भीड़ और दमघुटने जैसी स्थिति के कारण उन्हें चक्कर आया था। प्राथमिक उपचार और दवा देने के बाद महिला समेत अन्य लोग अस्पताल से चले गए।

उधर, कार्यक्रम में भगदड़ के दौरान एक महिला की मौत होने की सूचना भी सामने आई। सूत्रों के अनुसार, भीड़ में कई महिलाएं दम घुटने के कारण बेहोश हो गईं। हालांकि, मौत की सूचना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। ऐसे में मृतका की पहचान और मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच के बाद ही तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: एक घंटे की बारिश में फतेहगंज पश्चिमी जलमग्न, जल निकासी की बदहाल व्यवस्था बनी मुसीबत

पुलिस ने संभाली स्थिति

सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि भीड़ अधिक होने की जानकारी मिलने पर आसपास के थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने भीड़ को व्यवस्थित किया और यातायात को सुचारु कराया।

वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा ने बताया कि बरेली क्लब में इस कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी प्रशासन को नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि यह स्मार्ट सिटी अथवा राइफल क्लब से संबंधित कार्यक्रम था तो उसकी अनुमति नगर निगम स्तर से दी जाती है।

कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और सामने आई अव्यवस्था ने आयोजन की तैयारियों और भीड़ प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला की मौत की सूचना की पुष्टि और कार्यक्रम की अनुमति से जुड़े तथ्यों पर प्रशासन की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *