बरेली। पासपोर्ट बनवाने के लिए अब लोगों को अधिक शुल्क देना पड़ रहा है। विभाग ने पासपोर्ट बनवाने की नई शुल्क दरें लागू हो गई हैं। इतना ही नहीं अब पासपोर्ट खोने या क्षतिग्रस्त होने पर भी जेब पर अतिरिक्त भार पड़ेगा। हालांकि, बुजुर्गों और आठ वर्ष तक के बच्चों को इसमें दस फीसदी छूट दी जा रही है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह के अनुसार बरेली क्षेत्रीय कार्यालय से बरेली, अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बदायूं, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, पीलीभीत, शाहजहांपुर जिले संबद्ध हैं। बरेली में मुख्य कार्यालय समेत एक पासपोर्ट सेवा केंद्र है, जबकि अन्य जिलों में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र हैं।
यहां नई दरों पर आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। रोजाना करीब 14 सौ आवेदन होते हैं। पासपोर्ट अधिकारी ने बताया कि नई व्यवस्था में 36 पृष्ठ वाले पासपोर्ट के लिए शुल्क पांच हजार, तत्काल सेवा में 7,500 रुपये है, जबकि 60 पृष्ठ वाले पासपोर्ट के लिए क्रमश: छह हजार, 8,500 रुपये देने होंगे।
यह भी पढ़ें:- उप गन्ना आयुक्त ने गन्ना सर्वेक्षण के प्रजातिवार आकंडे तत्काल उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
बच्चों और बुजुर्गों को मिलेगी छूट
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी के अनुसार आठ वर्ष तक के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को नए पासपोर्ट आवेदन पर शुल्क में दस फीसदी की छूट मिलेगी, लेकिन यह छूट नवीनीकरण के मामलों में लागू नहीं होगी।
18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए 36 पृष्ठ वाले नए पासपोर्ट या नवीनीकरण का शुल्क 1,750 रुपये, तत्काल सेवा में 4,250 रुपये रहेगा। नाबालिग के खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट लेने के लिए सामान्य श्रेणी में 4,250 रुपये, जबकि तत्काल में 6,750 रुपये शुल्क है। नई शुल्क दरों पर ही पोर्टल पर आवेदन हो रहे हैं।
पुलिस सत्यापन का भी बढ़ा शुल्क
केंद्र सरकार से लागू नई शुल्क व्यवस्था में पुलिस क्लीयरेंस प्रमाणपत्र (पीसीसी) यानी सत्यापन, सरेंडर प्रमाणपत्र, ग्लोबल एंट्री प्रोग्राम सत्यापन व अन्य प्रमाणपत्रों के लिए 500 के बजाय अब 750 रुपये शुल्क देना पड़ रहा है। इसमें तत्काल व्यवस्था नहीं है। सभी शुल्क ऑनलाइन पोर्टल पर जमा होंगे। वयस्क पासपोर्ट की वैधता 10 वर्ष रहेगी। नाबालिग का पासपोर्ट पांच वर्ष या 18 वर्ष की आयु तक, जो पहले हो, वैध रहेगा।
शनिवार को भी खुलेगा पासपोर्ट सेवा केन्द्र
बरेली और इससे संबद्ध सभी पासपोर्ट सेवा केंद्र, पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र 11 जुलाई को खुले रहेंगे। इसके लिए ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट जारी कर दिए गए हैं, जो कि वेबसाइट passportindia.gov.in पर अपलोड कर दिए गए हैं।
