• October 5, 2026
  • Last Update August 31, 2026 1:57 am
  • Bareilly
पुलिस ने वापस लौटाए चोरी मोबाइल

पुलिस ने 466 गुम मोबाइल बरामद कर लौटाए, 93 लाख की संपत्ति असली मालिकों को सौंपी

बरेली। बरेली पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए जून माह में 466 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये है।

सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित रविन्द्रालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान ने मोबाइल उनके मालिकों को सुपुर्द किए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने बरेली पुलिस का आभार व्यक्त किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थानों की साइबर टीम, कंप्यूटर ऑपरेटरों और जनपदीय सर्विलांस सेल ने संयुक्त रूप से कार्य किया। टीम ने सीईआईआर पोर्टल और अन्य आधुनिक तकनीकों की मदद से मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद किए।

यह भी पढ़ें:- अलंकार अग्निहोत्री ने शासन को दिया अल्टीमेटम कहा ‘इस्तीफा मंजूर करें, नहीं तो कोर्ट जाऊंगा’

अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली थाना प्रेमनगर, कैंट, सुभाषनगर, इज्जतनगर, मीरगंज, सिरौली, शाही, आंवला, विशारतगंज, भमोरा, अलीगंज, फरीदपुर, फतेहगंज पश्चिमी, बहेड़ी, देवरनियां, शेरगढ़, हाफिजगंज और क्योलड़िया की साइबर टीमों के पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एक-एक हजार रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

पुलिस के अनुसार जनवरी 2025 से जून 2026 तक जिले में 5,725 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 11.43 करोड़ रुपये है। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि जनता की संपत्ति की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

मोबाइल गुम होने पर तुरंत करें यह काम

बरेली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर जाकर मोबाइल को ब्लॉक कराएं। इस पोर्टल के माध्यम से मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक कर दिया जाता है, जिससे उसका दुरुपयोग नहीं हो पाता।

यदि कोई व्यक्ति ब्लॉक किए गए मोबाइल में दूसरा सिम भी लगाता है, तो उसकी जानकारी पुलिस को मिल जाती है और सर्विलांस टीम फोन को ट्रैक कर बरामद करने की कार्रवाई करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *