बरेली। पीलीभीत बाईपास रोड स्थित एक होटल में महत्वपूर्ण चुनावी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों से आए युवाओं, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। इस अवसर पर युवा प्रत्याशी गौरव सक्सेना ने शहर विधानसभा से अपनी दावेदारी प्रस्तुत करते हुए जनसरोकारों एवं समग्र विकास को लेकर अपना विस्तृत दृष्टिकोण रखा।
अपने संबोधन में गौरव सक्सेना ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति एवं प्रत्येक परिवार तक विकास, समृद्धि और सम्मान पहुँचाना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राजनीति के गिरते स्तर ने युवाओं को केवल भीड़ का हिस्सा बनाकर रख दिया है, जबकि आज आवश्यकता ऐसे नेतृत्व की है जो युवाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाए और जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करे।
उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, सुरक्षा एवं शहर की मूलभूत जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि बरेली जैसे महत्वपूर्ण शहर में आज तक एम्स जैसी उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्था का स्थापित न होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में व्याप्त अनियमितताओं पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि आम नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा मिलना उनका अधिकार है।
यह भी पढ़ें:- मां… कहां हो तुम, ठेले के नीचे रोता मिला मासूम
युवाओं का पलायन बड़ी समस्या: गौरव सक्सेना
गौरव सक्सेना ने युवाओं के बढ़ते पलायन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर विकसित किए जाएँ, तो युवाओं को अपना शहर छोड़ने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने शिक्षा के बढ़ते निजीकरण पर भी प्रश्न उठाए और कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती शिक्षा प्रत्येक नागरिक तक पहुँचना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि शहर का विकास केवल सड़कों और भवनों से नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार तक अच्छी शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा, सम्मानजनक रोजगार, सुरक्षित वातावरण और समान अवसर पहुँचाने से होगा। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से आह्वान किया कि वे राजनीतिक दलों की सीमाओं से ऊपर उठकर ऐसे नेतृत्व का समर्थन करें जो रचनात्मक राजनीति, पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता देता हो।
लोगोें ने रखी अपनी समस्या
बैठक के दौरान विभिन्न वार्डों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याओं एवं सुझावों को विस्तार से रखा। गौरव सक्सेना ने सभी की बातें गंभीरता से सुनीं तथा आश्वासन दिया कि जनता की आवाज़ को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक समस्या को संबंधित स्तर तक प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
चुनावी पोस्टर का की औपचारिक विमोचन
कार्यक्रम के दौरान “मिशन 124 शहर विधानसभा” के चुनावी पोस्टर का औपचारिक विमोचन भी किया गया। सभी साथियों ने पोस्टर लॉन्च कर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनसंपर्क अभियान को गति देने का संकल्प लिया। साथ ही वार्ड स्तर पर संगठनात्मक टीमों का गठन किया गया, जिससे प्रत्येक क्षेत्र में जनता से निरंतर संवाद स्थापित किया जा सके।
