बरेली। ब्रह्मण स्वयंसेवक संघ की बरेली जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन शनिवार को साउथ सिटी स्थित जिला कार्यालय पर हुआ। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष द्वारा किया गया। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक का मुख्य विषय बिहार में भरत तिवारी की नृशंस हत्या की घटना पर चर्चा करना तथा मृतक के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करना रहा।
बैठक के प्रारंभ में उपस्थित सभी सदस्यों ने दिवंगत भरत तिवारी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात वक्ताओं ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं समाज को झकझोर देने वाली बताते हुए इसकी कठोर शब्दों में निंदा की। प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्र ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की इस प्रकार निर्मम हत्या सभ्य समाज के लिए चिंता का विषय है और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई होना आवश्यक है।
बैठक में पारित प्रस्ताव के माध्यम से संगठन ने बिहार सरकार एवं संबंधित प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और शीघ्र जांच कराई जाए तथा हत्या में शामिल सभी दोषियों को कानून के अनुसार कठोर से कठोर दंड दिलाया जाए। संगठन ने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने के साथ-साथ उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता एवं सुरक्षा भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: स्काई वॉक से गिरकर युवक की मौत, नहीं हो सकी पहचान
डॉ अभिनव भारद्वाज ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि ऐसी घटनाओं पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है तो आम नागरिकों का कानून पर विश्वास प्रभावित होता है। इसलिए प्रशासन को बिना किसी भेदभाव के दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाने चाहिए।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने समाज से भी शांति, आपसी सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना के विरोध में लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीकों से अपनी बात रखनी चाहिए तथा अफवाहों से बचना चाहिए। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि संबंधित जांच एजेंसियां निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करेंगी।
बैठक के अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ब्रह्मण स्वयंसेवक संघ पीड़ित परिवार के साथ अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता है और न्याय की इस लड़ाई में उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी समाजहित एवं न्याय से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाता रहेगा। बैठक में मुख्य रूप से अनिल कुमार मिश्र, डॉ अभिनव भारद्वाज, अनिल मिश्र, मनीष पाठक, मोनू शर्मा, आचार्य सतीश शर्मा, राजेश कुमार शर्मा, सत्येन्द्र कुमार शर्मा, सुमित पाठक सहित संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, सदस्य एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
