• August 21, 2026
  • Last Update August 11, 2026 1:14 am
  • Bareilly
कैण्ट पुलिस

फरार वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, कैण्ट पुलिस ने चोरी की योजना बनाने वाले गिरोह पर कार्रवाई

बरेली। जनपद में अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कैण्ट पुलिस ने चोरी की योजना बनाने एवं आयुध अधिनियम से जुड़े मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 24 जून की रात थाना कैण्ट क्षेत्र के ठिरिया के जंगलों में चोरी की योजना बनाते समय पुलिस ने चार अभियुक्तों को अवैध असलहों सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि, कार्रवाई के दौरान एक आरोपी समद उर्फ गुड्ड मास्टर मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

शनिवार सुबह करीब 9:20 बजे थाना कैण्ट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त समद उर्फ गुड्ड मास्टर ठिरिया तिराहे पर लड्डन की लकड़ी की टाल के सामने खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान समद उर्फ गुड्ड मास्टर पुत्र गुड्डू मास्टर, निवासी वार्ड संख्या-3, ठिरिया निजावत खां, थाना कैण्ट, जनपद बरेली के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना कैण्ट में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ चोरी की योजना बनाने की गतिविधियों में शामिल था और 24 जून की पुलिस कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया था। इस गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर, उपनिरीक्षक इंतजार हुसैन तथा कांस्टेबल रवि की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ें:- जिलाधिकारी के प्रयास से गंभीर मरीज को मिलेगी निःशुल्क उपचार की सहायता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *